ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में अवैध निर्माण के विरोध पर दंपति से मारपीट, चार लोगों के खिलाफ हुआ मुकदमा दर्ज

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र के नगला हांडा गांव में अवैध निर्माण का विरोध करना एक दंपति को भारी पड़ गया। आरोप है कि निर्माण कार्य रोकने की बात कहने पर कुछ लोगों ने दंपति के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में हसन मोहम्मद ने बताया कि उनके प्लॉट पर उनके भाई खान मोहम्मद द्वारा कथित रूप से अवैध निर्माण कराया जा रहा था। जब उन्होंने और उनकी पत्नी ने निर्माण कार्य का विरोध करते हुए उसे रोकने की मांग की, तो दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर खान मोहम्मद ने अपने बेटों अरबाज, शहबाज और जीशान के साथ मिलकर हसन मोहम्मद और उनकी पत्नी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों को चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
जेवर थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *