छात्राओं को सिखाया आत्मरक्षा एवं बालिका सुरक्षा का गुर
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में करियर काउंसलिंग एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण आयोजित
प्रयागराज। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, करछना में प्रगति ग्रामोद्योग एवं समाज कल्याण संस्थान, प्रयागराज की ओर से करियर काउंसलिंग, आत्मरक्षा एवं बालिका सुरक्षा विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करछना थाने के बाल संरक्षण अधिकारी, उनकी सहायक सहित पुलिसकर्मी, संस्था के प्रतिनिधि संजय जायसवाल एवं अब्दुल रहमान तथा विद्यालय के समस्त स्टाफ की सहभागिता रही।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को बालिका सुरक्षा, आत्मरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और करियर निर्माण के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। उन्हें सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने तथा किसी भी आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करना, साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताना तथा उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना रहा। इस पहल के माध्यम से छात्राओं को अपनी समस्याएं खुलकर रखने, सवाल पूछने और अपने भविष्य के प्रति जागरूक होकर आगे बढ़ने का अवसर मिला।

