जनसुनवाई में छाया रहा जलभराव, सड़क, पेयजल व अतिक्रमण की प्रमुख मुद्दा

जनसुनवाई में छाया रहा जलभराव, सड़क, पेयजल व अतिक्रमण की प्रमुख मुद्दा

(राजन तिवारी सिटी रिपोर्टर)

अयोध्या।नगर निगम में मंगलवार को आयोजित जन सुनवाई में नगर क्षेत्र के लोगों ने 25 प्रार्थना पत्र के माध्यम से अपनी समस्याएं महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी के समक्ष रखीं।इनमें से 13 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर नागरिकों को राहत प्रदान की गई।जबकि शेष 12 मामलों में जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।जनसुनवाई के दौरान नगर आयुक्त श्री जयेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।अयोध्या धाम जोनल कार्यालय में सुबह 10 बजे शुरू हुई जनसुनवाई में आवासीय पैमाइश, सड़क निर्माण, जलभराव से राहत, जल निगम द्वारा पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, मार्ग प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने, पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा अतिक्रमण हटाने जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गईं। महापौर ने प्रत्येक प्रार्थना पत्र का गंभीरता से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।इस मौके पर महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पंपों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि वर्षा के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने पेयजल पाइपलाइनों की नियमित जांच एवं आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश देते हुए कहा कि दूषित पेयजल की आपूर्ति रोकना प्राथमिकता होनी चाहिए, जिससे संक्रामक रोगों की आशंका को समय रहते समाप्त किया जा सके।नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडे ने बताया कि जनसुनवाई में अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव,सुमित कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.एम. शुक्ला, महाप्रबंधक जलकर सौरभ श्रीवास्तव, निर्माण खंड के सहायक अभियंता राजपति यादव, भरत सिंह वर्मा, जोनल अधिकारी सुभाष त्रिपाठी सहित नगर निगम के सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *