जीपीएस में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया शिक्षक दिवस
अयोध्या। गायत्री पब्लिक स्कूल रेवतीगंज में शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर प्रदान करने वाला शिक्षक दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर केक काटने और मिठाइयां वितरित करने के बाद गोष्ठी और विविध कार्यक्रम आयोजित हुए। प्रबंधक उमा शंकर शुक्ल ने कहा कि बच्चों के अति प्रिय महान शिक्षक, दार्शनिक और भारत के दूसरे राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन द्वारा उनके जन्मदिन को न मना के बच्चों से इस दिन को शिक्षक दिवस के उत्सव के रूप में मनाने की इच्छा व्यक्त करने के बाद से ही इस दिन को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल कक्षा में पढ़ाने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि वह शिल्पकार है जो विद्यार्थियों के भविष्य को आकार देकर एक बेहतर राष्ट्र का निर्माण करता है। गुरु वो नहीं जो सिर्फ अक्षरों का ज्ञान दे बल्कि गुरु वो है जो जीवन को सही अर्थ दे। प्रधानाचार्या शिखा दूबे ने कहा कि माता-पिता हमें जीवन देते हैं, लेकिन शिक्षक उस जीवन को सही दिशा देते हैं। एक अच्छा शिक्षक केवल पढ़ाता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सपनों को उड़ान देता है और स्वयं जलकर हमारे जीवन में ज्ञान का प्रकाश फैलाता है। हमारे जीवन में शिक्षक का वो स्थान उस नींव की तरह है जिस पर हमारे सपनों की पूरी इमारत खड़ी होती है। इस अवसर पर आर डी पाण्डेय, किरन यादव, अमन पाण्डेय, अभय सिंह और सुधा पाण्डेय ने भी अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम का संचालन आर्या तिवारी और अंजली सिंह ने किया।

