संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं
-पांचों तहसीलों में 657 प्रकरण प्राप्त, 83 शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण
-शेष प्रकरणों का एक सप्ताह में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश
अयोध्या। जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए शनिवार को जनपद की पांचों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने आमजन की समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर भी उपस्थित रहे। संपूर्ण समाधान दिवस में आमजन अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। आवास, चिकित्सा, भूमि विवाद, पेयजल, पेंशन, चकमार्ग तथा पुलिस विभाग से संबंधित विभिन्न शिकायतें अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत की गईं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन मामलों में जांच की आवश्यकता हो, उनमें राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर निष्पक्ष एवं प्रभावी जांच कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और पात्र एवं पीड़ित व्यक्तियों को त्वरित न्याय एवं राहत उपलब्ध कराई जाए। संपूर्ण समाधान दिवस के अंतर्गत जनपद की पांचों तहसीलों सदर, बीकापुर, सोहावल, रुदौली एवं मिल्कीपुर में कुल 657 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 83 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। तहसीलवार सदर में प्राप्त 113 प्रकरणों में से 32, बीकापुर में 75 में से 10, सोहावल में 132 में से 10, रुदौली में 139 में से 18 तथा मिल्कीपुर में प्राप्त 198 प्रकरणों में से 13 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने शेष प्रकरणों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।

