दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, कांस्टेबल गंभीर घायल
कुड़वार/सुल्तानपुर। कुड़वार थाना क्षेत्र में बुधवार शाम करीब 7.00 बजे दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सिपाही की पहचान दिव्यांश गुप्ता के रूप में हुई है। वह शाहजहांपुर का निवासी बताया जा रहा है। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। बताया गया कि दुर्घटना के समय सिपाही ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
जानकारी के अनुसार दिव्यांश गुप्ता दुर्गा पूजा के मद्देनजर ड्यूटी के लिए कुड़वार आए थे। बुधवार को ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपने साथी अरुण पांडे के साथ बाइक से कुड़वार थाने लौट रहे थे। थाना परिसर के सामने पहुंचते ही सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दिव्यांश गुप्ता सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला चिकित्सालय पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस ने दूसरी बाइक के चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

