स्कॉर्पियो का शीशा टूटने से मचा हड़कंप, वीआईपी नेताओं ने जताई फायरिंग की आशंका
पुलिस बोली- सड़क से उछली गिट्टी से टूटा शीशा, जांच जारी
फोटो न0-01
सुल्तानपुर। कोतवाली नगर क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के नेताओं की स्कॉर्पियो का पीछे की ओर का शीशा अचानक टूट गया। नेताओं ने गाड़ी पर फायरिंग किए जाने की आशंका जताई, जबकि पुलिस की शुरुआती जांच में सड़क से गिट्टी उछलकर शीशे से टकराने की बात सामने आई है। घटना में गाड़ी सवार सभी चार लोग सुरक्षित हैं।
घटना गुरुवार सुबह करीब 11.40 बजे पांचोपीरन स्थित नवीन बाधमंडी के पास हुई। बताया गया कि वीआईपी के प्रदेश सचिव एवं जिले के प्रभारी बनाए गए संजय पासवान, जिलाध्यक्ष उर्मिला निषाद समेत चार नेता स्कॉर्पियो से टाटिया नगर से लंभुआ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित पार्टी के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। नवीन बाधमंडी के पास अचानक तेज आवाज के साथ स्कॉर्पियो के पीछे दाहिनी तरफ का शीशा टूट गया। इसके बाद गाड़ी रोक दी गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पार्टी नेताओं ने घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दी। जिलाध्यक्ष उर्मिला निषाद ने आरोप लगाया कि गाड़ी पर किसी ने फायरिंग की। उनका कहना था कि घटना के बाद गाड़ी के अंदर धुआं भर गया और शीशा टूट गया। हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। पार्टी नेताओं के मुताबिक वे रास्ते में किसी व्यक्ति को नहीं जानते थे और न ही उन्हें किसी संदिग्ध को देखने की जानकारी है। दूसरी ओर पुलिस ने मौके पर जांच कर घटना के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है। केएनआई चौकी प्रभारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में फायरिंग की बात सामने नहीं आई है। प्रथम दृष्टया सड़क से गिट्टी उछलकर शीशे से टकराने की संभावना है। मामले में तहरीर ली जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। नगर कोतवाल ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

