प्रयागराज में मूर्ति विसर्जन के दौरान टोंस नदी में डूबे चाचा-भतीजा, दोनों की मौत
स्थानीय गोताखोरों ने दोनों के शव बरामद किए
प्रयागराज। कौंधियारा थाना क्षेत्र के देवरा पटपर घाट पर मंगलवार सुबह मूर्ति विसर्जन के दौरान चाचा-भतीजा टोंस नदी में डूब गए। मौजूद लोगों ने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। खबर पाकर कौंधियारा पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ को सूचना देते हुए स्थानीय गोताखोरों को दोनों की तलाश में लगाया गया। दोपहर करीब दो बजे चाचा और भतीजे का शव गोताखोरों ने खोज निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कौंधियारा थानांतर्गत ग्राम पंचायत देवरा के मजरा दीवान का पूरा से दुर्गा मूर्ति विसर्जन के लिए लोग देवरा पटपर घाट गए थे। टोंस नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान अमित पांडेय पुत्र राजित राम पांडेय मूर्ति को और आगे ढकेलने लगे, जिस कारण वह गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
यह देखकर उनका भतीजा राहुल पांडेय पुत्र कृष्णमणि पांडेय उन्हें बचाने की कोशिश करने लगा तो वह भी नदी में डूबने लगा। यह देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों को लगाया। कौंधियारा पुलिस का कहना है कि चाचा और भतीजे का शव मिल गया है।
राहुल पांडेय 12वीं का छात्र था। वह दो भाइयों में बड़े थे। वहीं, अमित कुमार पांडेय स्नातक की पढ़ाई पूरी कर चुके थे और चार भाइयों में सबसे छोटे थे। दोनों के पिता खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। हादसे के करीब 3 घंटे बाद गोताखोरों ने अमित कुमार पांडेय और राहुल पांडेय का शव बरामद कर लिया गया। घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मचा है और पूरे गांव में शोक का माहौ
ल है।

