बाढ़ एवं अतिवृष्टि से प्रभावित छात्र-छात्राओं को राहत देगा जेआरडी राज्य विश्वविद्यालय चित्रकूट
*मिर्जापुर सहित पूरे प्रदेश में इसी तरह की राहत की गांव-गरीब नेटवर्क की मांग
मीरजापुर। जगद्गुरु रामभद्राचार्य राज्य विश्वविद्यालय, चित्रकूट ने मानवीय-दृष्टि अपनाते हुए छात्र-हित संबधित एक बड़ा निर्णय लिया है। इस संबन्ध में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो शिशिर पाण्डेय ने कुलाधिपति एवं संत- शिरोमणि जगद्गुरु रामभद्राचार्य की लोकहित तथा छात्र-हित की भावनाओं को साकार रूप देते हुए निर्णय लिया है कि अतिवृष्टि एवं बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों के छात्र- छात्राओं को शिक्षण शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इसके लिए छात्र- छात्राओं को आवश्यक प्रमाणपत्र देने होंगे कि वे आपदा से प्रभावित हुए है। किसी शिक्षण संस्थान द्वारा इस तरह की राहत की पहली बार घोषणा की गई है। इससे शिक्षार्थियों को राहत मिलेगी। गांव-गरीब नेटवर्क के संयोजक सलिल पाण्डेय ने कहा है कि इस तरह का कदम मानवीय- भाव रखने वाले हर स्तर के शिक्षण संस्थानों को उठाना चाहिए तथा नर्सरी एवं कक्षा 01 से लेकर पोस्टग्रेजुएट, तकनीकी संस्थानों आदि तक को राहत देनी चाहिए। आज के छात्र कल के भविष्य हैं। अतएव देश का भविष्य उज्ज्वल हो इसके लिए सरकार से भी मांग है कि इस तरह का शासनादेश जारी करे।

