बिना भूमि अधिग्रहण सड़क निर्माण का आरोप, डीएम से लगाई न्याय की गुहार
जौनपुर,24 जुलाई । यूपी के जौनपुर में खुटहन क्षेत्र के ग्राम रुस्तमपुर निवासी अभिनव मिश्रा ने
शुक्रवार को जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर ग्राम प्रधान एवं राजस्व कर्मियों पर उनकी तथा उनके चाचा की भूमि पर बिना अधिग्रहण किए सड़क निर्माण कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर न्याय दिलाने की मांग की है। अधिवक्ता के प्रकरण को लेकर कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष घनश्याम सिंह के नेतृत्व में सैकड़ो अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करते हुए नारेबाजी और प्रदर्शन किया और अधिवक्ता को न्याय दिलाने की मांग किया।इस बीच मौके पर पहुंचे जिलाअधिकारी को अधिवक्ताओं ने घेरकर मामले की जानकारी से अवगत कराया जिलाधिकारीने मामले की जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
शिकायत के अनुसार, अभिनव मिश्रा पुत्र स्वर्गीय रामकुमार मिश्र की भूमि आराजी संख्या 151 तथा उनके चाचा उमाशंकर मिश्र की भूमि आराजी संख्या 152 ग्राम रुस्तमपुर में स्थित है। दोनों भूखंडों के पूर्वी हिस्से से लगभग 5 कड़ी (करीब 3.3 फीट) चौड़ी सार्वजनिक नाली गुजरती है। आरोप है कि ग्राम प्रधान अनीता देवी, उनके पति तथा संबंधित राजस्व कर्मियों ने मिलकर नाली की भूमि और निजी खेतों पर अतिक्रमण करते हुए करीब 12 फीट चौड़ी आरसीसी सड़क का निर्माण करा दिया।
अभिनव का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान उनकी और उनके चाचा की लगभग 10 बिस्वा भूमि सड़क में शामिल कर ली गई, जबकि न तो भूमि का अधिग्रहण किया गया और न ही किसी प्रकार का मुआवजा दिया गया। इसके अलावा सार्वजनिक नाली पर कब्जा होने से आसपास के खेतों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
अभिनव मिश्रा ने जिलाधिकारी से मांग की है कि यदि सड़क निर्माण अवैध रूप से किया गया है तो उसे हटाकर नाली को उसके मूल स्वरूप में बहाल कराया जाए तथा उनकी भूमि से अतिक्रमण हटवाया जाए। यदि सड़क हटाना संभव न हो तो नियमानुसार भूमि का अधिग्रहण कर सरकारी दर से मुआवजा एवं अब तक हुई क्षति की भरपाई कराई जाए।
उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा किसानों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

