मा. प्रभारी मंत्री जी ने लोक निर्माण विभाग को वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

मा० मंत्री, नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग, उ०प्र०/जनपद प्रभारी मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने मंगलवार को जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ प्रशासनिक समन्वय समिति एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कर बरसात, श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा तथा विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा पुलिस लाइन सभागार में की।

उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

मा. प्रभारी मंत्री जी ने लोक निर्माण विभाग को वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निकायों को जलभराव की समस्या की प्रभावी रोकथाम, नालों-नालियों की नियमित सफाई तथा संचारी रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक स्वच्छता अभियान, फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा छिड़काव प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

मा० प्रभारी मंत्री जी ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि सक्रिय मोड़ पर रहते हुए सभी कांवड़ मार्गों पर विद्युत लाइनों एवं पोलों का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल पूरे किए जाएं तथा कहीं भी लटकते हुए विद्युत तार न पाए जाएं, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। उन्होंने किसानों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

मा० प्रभारी मंत्री जी ने उप कृषि निदेशक से उर्वरक की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की। प्रभारी पशु चिकित्साधिकारी से पशुओं के लिए वैक्सीन की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि शत-प्रतिशत पशुओं को टीकाकरण करना सुनिश्चित करें । अधिशासी अभियंता सिंचाई को निर्देशित किया कि नहरों में टेल तक पर्याप्त पानी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि जिन स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की कमी है, वहां आवश्यक चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो सकें।

उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को विकास एवं निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों से जुड़े मुद्दे उठाए, जिन मा० प्रभारी मंत्री जी ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मा० प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं मा० मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की मंशा के अनुरूप शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उनका लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में मा० विधायक मड़ियाहूं डॉ. आर.के. पटेल, पूर्व विधायक श्री हरेंद्र प्रसाद सिंह, पूर्व गृहराज्यमंत्री श्री कृपा शंकर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अजीत प्रजापति, मछलीशहर डॉ. अजय सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष श्री पुष्पराज सिंह, महामंत्री स्कंद पटेल, अजय शंकर दुबे, जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन., पुलिस अधीक्षक श्री कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, उप जिलाधिकारी सदर योगिता सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *