मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि पात्र आवेदनों का शीघ्र निस्तारण कर अधिक से अधिक ऋण वितरण सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. के निर्देश के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया के द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्यमियों की समस्याओं तथा पूर्व बैठकों में लिए गए निर्णयों पर की गई कार्रवाई की विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि पात्र आवेदनों का शीघ्र निस्तारण कर अधिक से अधिक ऋण वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद की रैंकिंग किसी भी स्थिति में प्रभावित न होने पाए। इसके लिए संबंधित अधिकारी नियमित अनुश्रवण करते हुए लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करें।

सीडा औद्योगिक क्षेत्र में सड़क, नाली, पार्क, विद्युत व्यवस्था एवं अन्य विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने सीडा क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि औद्योगिक इकाइयों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध हो सके।

उन्होंने क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा उद्यमियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि औद्योगिक विकास एवं निवेश को बढ़ावा देने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें, जिससे जनपद में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण विकसित हो और रोजगार सृजन को गति मिल सके।

बैठक में उपायुक्त उद्योग आशुतोष पाठक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं उद्यमीगण उपस्थित रहे।
———–

जिला सूचना कार्यालय, जौनपुर द्वारा जारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *