वरिष्ठ समाजसेविका एवं अधिवक्ता सुभाष राठी का निधन

वरिष्ठ समाजसेविका एवं अधिवक्ता सुभाष राठी का निधन
अंतिम पायदान के लोगों की आवाज बनीं, 450 से अधिक दिव्यांग बेटियों का कराया विवाह
प्रयागराज। अनाम स्नेह की संरक्षक, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व अपर मुख्य स्थायी अधिवक्ता उच्च न्यायालय इलाहाबाद श्रीमती सुभाष राठी का 6 सितंबर को नई दिल्ली में निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही प्रयागराज के सामाजिक एवं अधिवक्ता संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई।
सोमवार सुबह उनके पुत्र अधिवक्ता राहुल राठी पार्थिव शरीर लेकर प्रयागराज स्थित प्रीतम नगर आवास पहुंचे। उनके अंतिम दर्शन के लिए आवास से लेकर रसूलाबाद घाट तक शुभचिंतकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं एवं उनके चाहने वालों का तांता लगा रहा। रसूलाबाद घाट पर उनके पुत्र राहुल राठी ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार किया।
श्रीमती सुभाष राठी ने अपने सामाजिक एवं अधिवक्ता जीवन में समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की आवाज को मजबूती से उठाया। अनाम स्नेह संस्था के माध्यम से पिछले 19 वर्षों में 450 से अधिक दिव्यांग बेटियों के विवाह कराने तथा हजारों दिव्यांगजनों को चलित दुकान उपलब्ध कराकर उन्हें स्वावलंबी एवं समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का उल्लेखनीय कार्य किया।
वर्ष 2002 से 2022 तक उन्होंने इलाहाबाद उच्च न्यायालय में अपर मुख्य स्थायी अधिवक्ता के रूप में अपनी सेवाएं पूरी ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ निभाईं। सड़क से लेकर उच्च न्यायालय तक जरूरतमंदों की लड़ाई लड़ने वाली सुभाष राठी का सामाजिक सरोकार उनके पेशेवर जीवन की भी महत्वपूर्ण पहचान रहा।
लोकसेवक मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चोपड़ा ने कहा कि सुभाष राठी का निधन प्रयागराज के सामाजिक क्षेत्र की अपूरणीय क्षति है। अनाम स्नेह के संयोजक एवं वरिष्ठ समाजसेवी श्रीनारायण यादव ने कहा कि यह मेरी व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर हैं या नहीं, इस पर विवाद हो सकता है, लेकिन अपनी ममता से हम सबको सिंचित करने वाली ममतामयी दीदी का अब कोई विकल्प नहीं है।
लोक सेवक मंडल के मीडिया प्रभारी रविशंकर मिश्र ने कहा कि सुभाष राठी का जीवन समाजसेवा, न्याय और मानवीय संवेदना को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि प्रयागराज ने एक वरिष्ठ समाजसेविका ही नहीं, बल्कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों के लिए सदैव खड़े रहने वाला एक मजबूत अभिभावक खो दिया है।
शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में लोकसेवक मंडल प्रयागराज के सचिव ब्रह्मप्रकाश तिवारी, वरिष्ठ पार्षद आनंद घिडियाल, शिवसेवक सिंह, कमलजीत, सी डब्लू सी के चेयरमेन अखिलेश मिश्र, यमुनोत्री गुप्ता, महिला अधिवक्ता श्रीमती अर्चना सिंह, श्रीमती राज लक्ष्मी, डॉ गीता कौरा, ममता सिंह,सामाजिक एकता परिषद के अध्यक्ष ओमप्रकाश शुक्ला, अधिवक्ता श्रीमती रश्मि, अनुराधा, श्रीमती दुर्गा तिवारी, समाजसेवी राकेश बनोधा, कुलदीप यादव, अधिवक्ता आशीष द्विवेदी,नीलू जायसवाल, अरविन्द चोपडा, मनोज केशरवानी,जावेद सिद्दीकी, प्रशांत मौर्य, समाजसेवी अनुराधा, दिव्यांग मोर्चा के अध्यक्ष लवलेश सिंह सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, अधिवक्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *