(वाशिंगटन)ट्रंप के समर्थन में मस्क ने खर्च किए 50 करोड़ डॉलर, फिर भी रिपब्लिकन उम्मीदवारों को मिली करारी हार
0-टेक्सास में 22.5 करोड़ डॉलर लगाने के बावजूद नहीं बचा पाए पार्टी की साख; 106 सीटों पर समर्थित उम्मीदवारों में अब तक केवल 18 को मिली जीत
वाशिंगटन,05 नवंबर। अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवारों को जीत दिलाने के लिए दुनिया के सबसे अमीर उद्योगपतियों में शामिल एलन मस्क ने पानी की तरह पैसा बहाया। इसके बावजूद चुनावी नतीजे उनकी उम्मीदों के विपरीत रहे और कई राज्यों में डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों ने जीत दर्ज कर उन्हें बड़ा राजनीतिक झटका दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, टेस्ला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मस्क ने रिपब्लिकन उम्मीदवारों के समर्थन में करीब 50 करोड़ डॉलर (लगभग 4,700 करोड़ रुपये) खर्च किए थे।
मस्क ने सबसे अधिक रकम टेक्सास में खर्च की, जिसे वह अपना गृह राज्य मानते हैं। उन्होंने यहां करीब 22.5 करोड़ डॉलर (लगभग 2,140 करोड़ रुपये) चुनाव प्रचार और रिपब्लिकन उम्मीदवारों के समर्थन में लगाए। इसके बावजूद टेक्सास में रिपब्लिकन को बड़ा झटका लगा। सीनेट की एक सीट और गवर्नर पद पर डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की। इसके अलावा प्रतिनिधि सभा और राज्य विधानसभाओं की कई सीटों पर भी मस्क के समर्थन वाले उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा।
मस्क ने देशभर में कई राजनीतिक कार्रवाई समितियों और प्रमुख रिपब्लिकन उम्मीदवारों को आर्थिक मदद दी थी। उन्होंने सीनेट और प्रतिनिधि सभा की कुल 106 सीटों पर रिपब्लिकन उम्मीदवारों का समर्थन किया। अब तक सामने आए नतीजों के मुताबिक, इनमें से केवल 18 उम्मीदवार ही जीत दर्ज कर पाए, जबकि 45 को हार का सामना करना पड़ा। कुछ सीटों पर चुनाव परिणाम आना अभी बाकी है।
रिपोर्ट के अनुसार, मस्क इस चुनाव में सबसे बड़े व्यक्तिगत दानदाता रहे। उन्होंने दूसरे सबसे बड़े दानदाता की तुलना में करीब तीन गुना अधिक रकम खर्च की। इसके बावजूद मेन, मिशिगन, मिनेसोटा, कंसास और आयोवा जैसे राज्यों में भी उन्हें निराशा हाथ लगी। जिन प्रमुख उम्मीदवारों पर मस्क ने विशेष रूप से पैसा लगाया था, उनमें से करीब 98 प्रतिशत को हार का सामना करना पड़ा।
चुनाव प्रचार के दौरान मस्क ने डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों की जीत को लोकतंत्र के लिए खतरा बताया था। उन्होंने टेक्सास में सीनेट का चुनाव लड़ रहे जेम्स टैलारिको पर भी निशाना साधा था। मस्क ने रिपब्लिकन उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर आर्थिक संसाधन लगाए, लेकिन चुनाव परिणाम उनकी राजनीतिक रणनीति के बिल्कुल उलट रहे।
चुनाव परिणाम सामने आने के बाद मस्क ने सामाजिक माध्यम पर व्यंग्यात्मक टिप्पणी करते हुए लिखा कि इस बार चुनाव में दखल देने वाले अंतरिक्ष लेजर काम नहीं आए। उनकी यह टिप्पणी चुनावी नतीजों और अपने राजनीतिक प्रयासों की विफलता पर तंज के रूप में देखी जा रही है।
हालांकि, चुनाव में मिली इस राजनीतिक निराशा का मस्क की आर्थिक स्थिति पर कोई बड़ा असर पड़ने की संभावना नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति करीब 898 अरब डॉलर आंकी गई है। इतनी बड़ी संपत्ति के साथ वह अब भी दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों में शामिल हैं।

