शिक्षक विद्यार्थियों के उज्वल भविष्य की मजबूत नींव: डॉ. प्रतिभा सिंह
-कृषि विवि में मना शिक्षक दिवस समारोह, महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर किया माल्यार्पण
अयोध्या,। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति डा. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय सभागार में शिक्षक दिवस समारोह हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता एवं निदेशक ने भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। कृषि अधिष्ठाता डा. प्रतिभा सिंह ने कहा कि शिक्षक व्यक्तित्व निर्माण व उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने वाला मार्गदर्शक होता है। शिक्षक विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ संस्कार, अनुशासन, जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध भी विकसित करते हैं। शिक्षक और विद्यार्थी के बीच विश्वास एवं संवाद की मजबूत कड़ी शिक्षा को प्रभावी बनाती है। विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं को समझकर उन्हें सीखने के लिए प्रेरित करना ही एक अच्छे शिक्षक की पहचान है। वहीं दूसरी तरफ पशु चिकित्सा महाविद्यालय में शिक्षक दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर अधिष्ठाता डा. नमिता जोशी ने कहा कि शिक्षक का दायित्व क्लास तक सीमित नहीं है। विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानकर उसे सही दिशा देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रेरित करना शिक्षक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इस दौरान विरबैक एनीमल हेल्थ प्राइवेट लिमिटेड के शैलेश कुमार ने सभी शिक्षकों को सम्मानित किया। अधिष्ठाता डॉ. साधना सिंह व मीडिया प्रकोष्ठ अध्यक्ष डा. सत्यव्रत सिंह के संयोजन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वागत संबोधन निदेशक डा सुशांत श्रीवास्तव व कुलपति के सचिव डॉ. जसवंत सिंह ने सभी अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन डॉ. श्वेता त्रिपाठी व मंजूरी ने किया। इस मौके पर विश्वविद्यालय के समस्त अधिष्ठाता, निदेशक, शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

