सांस्कृतिक दलों के पंजीकरण हेतु 30 जून तक किया जा सकता है आवेदन
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक दलों के पंजीकरण हेतु आवेदन पत्र (ऑडीशन फार्म) जमा करने की तिथि 30 जून, 2026 तक निर्धारित की गई है ।
विभिन्न लोक विधाओं यथा लोकगीत, भजन, आल्हा, कठपुतली, कव्वाली, जादू, नौटंकी, लघु सांस्कृतिक दल, वृहद सांस्कृतिक दल एवं नाटक दल सहित कुल 10 विधाओं में पंजीकरण किया जाएगा। पंजीकरण के लिए आवेदन पत्र (ऑडीशन फार्म) सूचना विभाग की वेबसाइट information.up.gov.in से डाउनलोड किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त आवेदन पत्र सूचना निदेशालय के गीत एवं नाट्य प्रभाग से कार्यदिवसों में भी प्राप्त किया जा सकता है।
इच्छुक दल निर्धारित आवेदन पत्र के साथ सभी आवश्यक अभिलेख संलग्न कर 30 जून, 2026 तक निदेशक, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, पंडित दीनदयाल उपाध्याय सूचना परिसर, 16 पार्क रोड, लखनऊ-226001 के पते पर स्पीड पोस्ट अथवा पंजीकृत डाक के माध्यम से भेज सकते हैं।
————-
जौनपुर 07 जून, 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-02
जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. द्वारा बीआरपी कॉलेज के मैदान में आयोजित प्रदर्शनी का आकस्मिक निरीक्षण शनिवार देर सायं किया गया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए प्रदर्शनी के प्रबंधक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रदर्शनी स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए तथा झूलों एवं अन्य उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बड़े झूलों एवं अन्य संरचनाओं की पीडब्ल्यूडी द्वारा जांच कराए जाने तथा सीसीटीवी व्यवस्था क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। साथ ही सख्त निर्देश दिए कि आयोजन स्थल की नियमित साफ सफाई भी कराई जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सभी वालंटियर्स एवं कर्मचारियों के पहचान पत्र अनिवार्य रूप से बनाए जाएं तथा विद्युत पोल एवं वायरिंग की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मेले में अग्निशमन व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा फायर सेफ्टी उपकरण मानक के अनुरूप स्थापित किए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने प्रदर्शनी स्थल पर साफ-सफाई, शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था एवं पेयजल उपलब्धता के संबंध में जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने खान-पान की गुणवत्ता के संबंध में उपस्थित लोगों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की दुकानों पर रेट लिस्ट लगाने के निर्देश दिए और कहा कि किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 परमानंद झा सहित अन्य उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारी, अन्य कर्मचारी, आमजन उपस्थित रहे।
—————

