गाजियाबाद में दहेज उत्पीड़न के आरोपों के बीच नवविवाहिता की हुई संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या से जोड़कर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर निवासी 23 वर्षीय नीतू की शादी 10 दिसंबर 2025 को नंदग्राम क्षेत्र के गुलधर स्टेशन के पास रहने वाले सुमित कुमार से हुई थी। सुमित एक निजी कंपनी में कार्यरत है। परिजनों के मुताबिक शादी के कुछ समय बाद से ही नीतू को अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा था।
मृतका के भाई अमित ने आरोप लगाया कि पति और अन्य ससुरालजन दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल और सोने की चेन की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर नीतू के साथ मारपीट की जाती थी। परिजनों का कहना है कि उन्होंने विवाह में अपनी सामर्थ्य से अधिक खर्च करते हुए करीब 10 लाख रुपये खर्च किए थे और पर्याप्त दान-दहेज दिया था।
परिजनों के अनुसार, नीतू करीब 10 दिन पहले अपने मायके गई थी। इस दौरान उसने परिवार को दहेज उत्पीड़न की जानकारी दी थी। बाद में वह ससुराल लौट गई। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया। परिजनों का यह भी कहना है कि घटना के बाद उन्हें तत्काल सूचना नहीं दी गई और मौत की जानकारी किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से मिली।
सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर दहेज हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नवविवाहिता की मौत के इस मामले ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *