25 दिसंबर तक पूरा होगा सिक्स लेन ब्रिज का काम- केशव प्रसाद मौर्य 

25 दिसंबर तक पूरा होगा सिक्स लेन ब्रिज का काम- केशव प्रसाद मौर्य

जनवरी 2027 में उद्घाटन,

माघ मेले में सिक्स लेन ब्रिज से संगम का सफर

प्रयागराज। शहर को जाम से राहत दिलाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बन रहे सिक्सलेन ब्रिज का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। पुल के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों और निर्माण कंपनी के प्रतिनिधियों से बातचीत कर 25 दिसंबर तक दोनों लेन का काम पूरा करने का लक्ष्य दिया है।

डिप्टी सीएम ने कहा कि यदि तकनीकी रूप से संभव हुआ तो 25 दिसंबर से पहले ही निर्माण पूरा कराने का प्रयास किया जाए, ताकि 2027 की शुरुआत में पुल को आम लोगों के लिए शुरू किया जा सके। उन्होंने बताया कि पुल का निर्माण देश में अपनी तरह का पहला प्रोजेक्ट है।

निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों और कंपनी के प्रतिनिधियों से प्रगति की जानकारी ली गई। 25 दिसंबर को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती है। इसी तारीख तक दोनों लेन तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि, यह तकनीकी काम है, इसलिए निर्माण पूरा होने की वास्तविक स्थिति को देखते हुए आगे निर्णय लिया जाएगा।

माघ मेले में इस पुल के उपयोग को लेकर उन्होंने कहा कि कोशिश है कि श्रद्धालुओं को भी इसका लाभ मिले। उन्होंने कहा कि बचपन से देखते आए हैं कि फाफामऊ का पुल और आसपास का रास्ता अक्सर जाम रहता था। बाद में पीपा पुल बनवाने से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हुई। सिक्सलेन ब्रिज तैयार होने के बाद श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों को माघ मेले और कुंभ मेले के दौरान आवागमन में काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है। यह पुल प्रयागराज के विकास में भी मील का पत्थर साबित होगा।

इस अवसर पर विधायक फाफामऊ गुरु प्रसाद मौर्य, गंगापार अध्यक्ष श्रीमती निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ला के साथ-साथ अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावा सम्बंधित विभाागों के अधिकारीगण उपस्थि

त रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *