भाषण के दौरान यूजीसी पर पूछे जाने से नाराज हुए डिप्टी सीएम केशव
प्रबुद्ध सम्मेलन में दो युवकों ने सवाल किया; केशव ने डांटा, युवकों को पार्षद ने मारे थप्पड़
प्रयागराज। संगम नगरी में प्रबुद्ध ब्राह्मण सम्मेलन के दौरान यूजीसी के मुद्दे पर हंगामा हो गया। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के भाषण के दौरान दो युवकों ने उन्हें टोका। भाषण के बीच में ही दोनों ने हाथ उठाकर यूजीसी पर भी कुछ बोलने को कहा। पुलिस ने दोनों को पकड़ा तो धक्का-मुक्की होने लगी। भाषण दे रहे डिप्टी सीएम नाराज हो गए। उन्होंने कहा- चुप रहो, चलो। आगे कहा, मैं सबकुछ बोलूंगा। इसके बाद पुलिस ने दोनों को सभास्थल से बाहर करके हिरासत में ले लिया। सम्मेलन परेड ग्राउंड में रविवार को था। इस हंगामे का वीडियो सोमवार को सामने आया है।
ज्ञात हो कि राष्ट्रीय परशुराम सेना (ब्रह्म वाहिनी) की ओर से आयोजित प्रबुद्ध महारैली का आयोजन हुआ था। इसमें यूपी के डिप्टी सीएम केशव मौर्य शामिल हुए थे। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भाषण दे रहे थे। वह संगम पर होने वाले माघ मेला की तैयारी पर सरकार की उपलब्धियां गिना रहे थे। इसी दौरान मंच के करीब डी-एरिया के पास रोहित तिवारी समेत दो युवकों ने हाथ उठाकर यूजीसी पर सवाल शुरू कर दिया। दोनों युवक लगातार कहते दिख रहे हैं कि केशव जी, यूजीसी के बारे में भी बोलिए। यूजीसी के बारे में आप कुछ बोलेंगे..। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें बोलने से रोका, तो दोनों युवक हाथ उठाकर जोर-जोर से यूजीसी के विषय में बोलने को कहने लगे।
उनके सवाल पर केशव मौर्य ने उन्हें डांटते हुए कहा, चुप रहो। चलो। युवकों ने फिर से सवाल किया तो जवाब दिया कि मैं सबकुछ बोलूंगा, मैं कोई चीज बोलने से कभी नहीं रुकता हूं। इस दौरान पुलिस दोनों को पकड़कर सभास्थल से बाहर ले गई।
पुलिस जब दोनों युवकों को वहां से ले जाने लगी तो वहां मौजूद अल्लापुर के पार्षद विनय मिश्रा ने पूछा कि सवाल क्यों किया। एक युवक ने जवाब दिया कि मैं भाजपा में हूं, मैं उनसे अभी सवाल नहीं करूंगा तो कब करूंगा। इसी बीच पार्षद ने एक युवक को थप्पड़ जड़ दिया। पार्षद के थप्पड़ मारने के बाद मौके पर माहौल और गरमा गया। पुलिस ने किसी तरह मामला संभा
ला।

