नोएडा के वरिष्ठ पत्रकार सुरेश चौरसिया की पुस्तक ‘दहकते अंगारे’ का भव्य विमोचन, साहित्यकारों ने की सराहना

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा सेक्टर-6 स्थित एनईए भवन के ऑडिटोरियम में वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक सुरेश चौरसिया की चर्चित पुस्तक ‘दहकते अंगारे’ का भव्य विमोचन समारोह आयोजित किया गया। समाज के ज्वलंत मुद्दों पर आधारित इस पुस्तक को पत्रकारिता और साहित्य जगत की एक महत्वपूर्ण कृति बताया गया। कार्यक्रम में शहर की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों, साहित्यकारों, कवियों और बुद्धिजीवियों ने भाग लिया।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सुरेश चौरसिया अपनी बेबाक लेखनी और निर्भीक पत्रकारिता के लिए लंबे समय से पहचान रखते हैं। उनकी नई पुस्तक ‘दहकते अंगारे’ समाज के अनछुए पहलुओं को उजागर करते हुए पाठकों को सोचने और सकारात्मक बदलाव की दिशा में प्रेरित करने का कार्य करेगी।
इस अवसर पर डीडी आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ठाकुर एनपी सिंह, हनुमंत कृपाधाम के पीठाधीश्वर स्वामी पद्मनारायनाचार्य, एनसीएफ अध्यक्ष शालिनी सिंह, एनईए अध्यक्ष विपिन मल्हन, नोएडा मीडिया क्लब अध्यक्ष आलोक द्विवेदी, भाजपा नेता अशोक चौहान, यू.एस. शर्मा तथा कपिल शर्मा सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
कार्यक्रम का प्रभावी एवं रोचक संचालन प्रसिद्ध हास्य-व्यंग्यकार शशि पांडेय ने किया। समारोह के अंत में पुस्तक के प्रकाशन पर सुरेश चौरसिया को शुभकामनाएं देते हुए सभी विशिष्ट अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
विमोचन समारोह के उपरांत आयोजित भव्य कवि सम्मेलन ने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया। वरिष्ठ कवि साहित्य कुमार चंचल ‘साधक’, कवयित्री किरण सिंह, अंजली करण ‘सरधना’ तथा पूर्व एनएसजी कमांडो एवं कवि रजनीश त्यागी ने अपनी उत्कृष्ट कविताओं और ग़ज़लों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं की खूब सराहना बटोरी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में बीनू शर्मा, प्रवीण पांडेय, पवन राज सिंह एवं अनीश अहमद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *