30 किलो गांजा के साथ तीन अंतरजनपदीय तस्कर गिरफ्तार
– ओडिशा से गोरखपुर ले जा रहे थे नशे की खेप
मऊ। ओडिशा से गांजा खरीदकर गोरखपुर में बेचने वाले तीन अंतरजनपदीय तस्करों को दक्षिण टोला पुलिस, एसओजी और स्वाट टीम ने गुरुवार की भोर में गिरफ्तार किया। मतलूपुर के पास हाईवे पर चेकिंग के दौरान पकडे़ गए आरोपितों के पास से 30 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई गई है। प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी नगर नितेश प्रताप सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 4ः30 बजे मतलूपुर स्थित दक्षिण टोला कट के पास हाईवे पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान दो ट्रॉली बैग और एक पिट्ठू बैग के साथ खडे़ तीन संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर बैगों से गांजे के 15 पैकेट बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सतीश यादव गोरखपुर, साहिल दुबे निवासी महराजगंज और नीरज सोनकर निवासी गोरखपुर के रूप में हुई है।
सात हजार रुपये किलो खरीदकर दस हजार में बेचते थे गांजा
पुलिस की पूछताछ में आरोपितों ने कथित तौर पर बताया कि वे ओडिशा के बलांगीर रेलवे स्टेशन के आसपास से गांजा खरीदकर गोरखपुर ले जाते थे। वहां अपने-अपने घरों से इसकी बिक्री करते थे। आरोपितों के अनुसार, गांजा करीब सात हजार रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीदकर लगभग दस हजार रुपये प्रति किलोग्राम में बेचते थे। उन्होंने इससे पहले भी गांजा लाकर बेचने की बात स्वीकार की है।

