कन्या पूजन के साथ नवरात्र का समापन, घरों से मंदिरों तक गूंजे मां के जयकारे
-हवन-पूजन कर श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से मांगा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद
सीतापुर। शारदीय नवरात्र के अंतिम दिन सोमवार को जिलेभर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मां दुर्गा की आराधना की गई। अष्टमी और नवमी पर व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने कन्या पूजन कर नवरात्र अनुष्ठान का समापन किया। घरों और मंदिरों में विधि-विधान से हवन-पूजन हुआ। कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनके पैर धोए गए, तिलक लगाया गया और भोजन कराकर उपहार व दक्षिणा भेंट की गई। श्रद्धालुओं ने कन्याओं से आशीर्वाद लेकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। सुबह से ही घरों और मंदिरों में पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा को हलवा, पूड़ी, चना और फल का भोग लगाया। इसके बाद कन्याओं को भोजन कराया गया। मंदिरों में भी दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की आवाजाही बनी रही। मां के जयकारों और हवन के मंत्रों से वातावरण भक्तिमय रहा। नवरात्र के नौ दिनों तक चले पूजा-पाठ, व्रत और धार्मिक अनुष्ठानों के समापन पर श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से परिवार की खुशहाली, सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।

