निर्माणाधीन अडानी पावर प्लांट में कांट्रेक्टर की संदिग्ध मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
मड़िहान/मीरजापुर। थाना क्षेत्र के ददरी गांव में निर्माणाधीन अडानी पावर प्लांट परिसर में रविवार सुबह एक बड़ी घटना सामने आई। प्लांट में निर्माण कार्य करा रही डीएनआर कंपनी के मालिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे पूरे प्लांट परिसर में हड़कंप मच गया। घटना के बाद से प्लांट में काम कर रहे सैकड़ों मजदूरों और कर्मचारियों में दहशत और शोक का माहौल है।जानकारी के अनुसार मृतक असम निवासी 45 वर्षीय मधुकर, डीएनआर कंपनी के मालिक हैं। उनकी कंपनी पिछले कई महीनों से मड़िहान के ददरी गांव में निर्माणाधीन अडानी पावर प्लांट में सिविल और स्ट्रक्चर का निर्माण कार्य करा रही है। रविवार सुबह करीब 09 बजे वह रोज की तरह प्लांट परिसर में साइट पर मौजूद थे और काम देख रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। यह देख मौके पर मौजूद इंजीनियरों और मजदूरों में अफरा- तफरी मच गई। कर्मचारियों ने आनन-फानन में निजी वाहन से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान पहुंचाया। जहां पर मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही प्लांट के वरिष्ठ अधिकारी भी सीएचसी पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही मड़िहान थाना प्रभारी रविन्द्र भूषण मौर्य पुलिस फोर्स के साथ अस्पताल पहुंचे और शव का पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों को असम में सूचना दे दी गई है। क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि कांट्रेक्टर पहले से ही बीमार थे।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। बता दें कि ददरी में निर्माणाधीन अडानी पावर प्लांट में हजारों मजदूर काम कर रहे हैं। इससे पहले भी प्लांट में सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठते रहे हैं। कंपनी प्लांट परिसर के अंदर हुई संदिग्ध मौत के बाद एक बार फिर सुरक्षा और मेडिकल सुविधा पर सवाल खड़े हो गए हैं। यदि प्लांट के अंदर ही त्वरित मेडिकल सुविधा होती तो शायद जान बचाई जा सकती थी।

