नोएडा में कारगिल विजय दिवस पर लक्ष्मी नारायण मंदिर में विशाल रक्तदान महोत्सव, 141 यूनिट रक्त संग्रह; 20 लोगों ने लिया नेत्र एवं अंगदान का संकल्प

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा, 26 जुलाई। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सेक्टर-56 स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में भारतीय सशस्त्र बलों को समर्पित एक विशाल रक्तदान महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से कारगिल के अमर शहीदों को रक्तदान कर सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की गई। रक्त संग्रह के लिए भारतीय सेना की ब्लड बैंक टीम स्वयं उपस्थित रही।
शिविर में कुल 166 रक्तदाता पहुंचे, जिनमें से 25 लोगों को चिकित्सकीय कारणों से बाद में आने की सलाह दी गई। इस दौरान 141 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसे आयोजकों ने समाज सेवा और राष्ट्रसेवा की दिशा में एक गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
रक्तदान शिविर में इस बार कई पत्रकार बंधुओं ने भी स्वयं रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। वहीं, एम्स नई दिल्ली की टीम ने रक्तदान के साथ-साथ नेत्रदान एवं अंगदान जागरूकता अभियान भी चलाया, जिसमें 20 लोगों ने नेत्र एवं अंगदान का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। इनमें विपिन मल्हन (प्रधान), वी.के. सेठ (महासचिव, एनईए), दीपक विग (चेयरमैन, पंजाबी विकास मंच), संजीव पुरी (वाइस चेयरमैन, पंजाबी विकास मंच), के.के. जैन (महासचिव, फोनरवा), संजय मावी (प्रधान, आरडब्ल्यूए सेक्टर-56) तथा नया बांस सोसाइटी के प्रधान हरीश जुगरान सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे।
इस अवसर पर मंदिर समिति ने मंदिर के लिए 10 किलोवाट सोलर सिस्टम उपलब्ध कराने में सहयोग देने के लिए हरीश जुगरान तथा मंदिर की अन्नपूर्णा रसोई में चिमनी की व्यवस्था कराने में सहयोग देने के लिए मंदिर महिला मंडल की सदस्य विनोद कुमारी बंसल को सम्मानित किया। उन्हें मंदिर समिति के प्रधान आर.एन. गुप्ता एवं विपिन मल्हन ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
आयोजकों ने भारतीय सेना के ब्लड बैंक, एम्स नई दिल्ली की टीम, सभी रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों तथा नकद एवं वस्तु स्वरूप सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया।
लगभग 10 सदस्यीय ब्लड डोनेशन टीम ने मंदिर समिति के सदस्य एवं इस अभियान के मुख्य प्रेरक ए.के. गुप्ता के नेतृत्व में पूरे आयोजन का सफल संचालन किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी आर.एन. गुप्ता, ओ.पी. गोयल, जे.एम. सेठ, जी.के. बंसल, आर.के. भट्ट, इंदर पाल खंडपुर, हरीश सभरवाल, अंबेश भांबरी, संजीव बांधा तथा ब्लड डोनेशन टीम के डॉ. कर्नल योगेश मानिकतला, करण अनेजा, अभिषेक जैन, सुशील रियू, नितिन गुप्ता, अशोक त्यागी, निर्मल हांडा, मंजू सेठ, मधु भट्ट, वंदना बंसल सहित सभी सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *