पांच दिन से नेटवर्क ठप, बैंक के चक्कर काट रहे खाताधारक
श्रावस्ती। लक्ष्मनपुर बाजार स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में पिछले करीब पांच दिनों से नेटवर्क की समस्या के चलते बैंकिंग सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हैं। नेटवर्क नहीं होने के कारण खाताधारकों को अपने जरूरी काम कराने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कई ग्राहक सुबह बैंक पहुंचने के बाद शाम तक नेटवर्क आने का इंतजार करते हैं, लेकिन काम नहीं होने पर मायूस होकर घर लौटने को मजबूर हैं।
खाताधारकों का कहना है कि पिछले पांच दिनों से बैंक में नेटवर्क की समस्या बनी हुई है। बैंक पहुंचने पर उन्हें नेटवर्क नहीं होने की जानकारी दी जाती है। इसके कारण रुपये निकालने, जमा करने और अन्य जरूरी बैंकिंग कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बैंक की ओर से नेटवर्क नहीं होने की सूचना देने वाला बोर्ड भी लगा दिया जाता है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों से बैंक में अपने जरूरी काम कराने आने वाले लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। ग्राहक किराया और समय खर्च कर बैंक पहुंचते हैं, लेकिन नेटवर्क की समस्या के कारण उनका काम नहीं हो पाता। कई लोगों को लगातार दूसरे या तीसरे दिन बैंक का चक्कर लगाना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी उन खाताधारकों को हो रही है जिन्हें तत्काल पैसों की जरूरत है। नेटवर्क के अभाव में लेनदेन नहीं होने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार पांच दिनों से नेटवर्क बाधित रहने से बैंक की व्यवस्था को लेकर ग्राहकों में नाराजगी बढ़ रही है। खाताधारकों का कहना है कि बैंक पहुंचने के बाद नेटवर्क नहीं होने की जानकारी बोर्ड के माध्यम से दे दी जाती है, लेकिन इसके बाद भी समस्या दूर कराने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों ने संबंधित बैंक अधिकारियों और उच्चाधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर जल्द से जल्द नेटवर्क व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। ग्राहकों का कहना है कि बैंकिंग सेवाएं आम लोगों की जरूरत से जुड़ी हैं, ऐसे में लगातार पांच दिनों तक नेटवर्क बाधित रहना गंभीर समस्या है। उन्होंने जल्द व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है, जिससे उन्हें रोजाना बैंक के चक्कर न लगाने पड़ें।

