राज्य विश्वविद्यालयों की ऑनलाइन बैठक में ‘एआई मंथन-2’ एवं कौशल विकास पर बनी रणनीति

राज्य विश्वविद्यालयों की ऑनलाइन बैठक में ‘एआई मंथन-2’ एवं कौशल विकास पर बनी रणनीति
अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कौटिल्य प्रशासनिक भवन सभागार में राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) डॉ. सुधीर एम बोबड़े की अध्यक्षता में प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों के साथ एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 12 व 13 सितंबर को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में प्रस्तावित ‘एआई मंथन-2’ कार्यक्रम की तैयारियों एवं प्रमुख अकादमिक व सामाजिक अभियानों की प्रगति की समीक्षा की गई। कानपुर में आयोजित होने वाले ‘एआई मंथन-2’ सम्मेलन में सभी राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपति, कुलसचिव, वित्त अधिकारी एवं आईक्यूएसी  निदेशकों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। इस दौरान पूर्व में आयोजित ‘एआई मंथन-1’ के क्रियान्वयन की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। इसके उपरांत अवध विश्वविद्यालय सहित 20 अन्य राज्य विश्वविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों द्वारा कार्ययोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा। बैठक के प्रमुख बिंदु में लखनऊ विश्वविद्यालय एवं हार्वर्ड बिजनेस स्कूल के मध्य हुए एमओयू की तर्ज पर सभी विश्वविद्यालयों व संबद्ध महाविद्यालयों में कौशल विकास केंद्र  स्थापित करने हेतु ठोस कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। डिजिटल पहल के तहत दीक्षांत समारोह के उपरांत विद्यार्थियों को डिजिलॉकर के माध्यम से डिजिटल हस्ताक्षरित डिग्री एवं अंकतालिका उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से अपडेट करने पर बल दिया गया।  नशा मुक्ति अभियान के तहत 100 सप्ताह के कार्यक्रमों का रोडमैप तैयार करने तथा 17 सितंबर को विश्वविद्यालय व संबद्ध महाविद्यालयों में प्रस्तावित एचपीवी टीकाकरण एवं टीबी मरीजों को गोद लेने संबंधी विशेष अभियानों की कार्ययोजना पर राजभवन द्वारा समीक्षा की गई। बैठक में अवध विश्वविद्यालय के कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह, कुलसचिव विनय कुमार सिंह, वित्त अधिकारी पूर्णेन्दु शुक्ल, प्रो. एस. एस. मिश्र, प्रो. सुरेंद्र मिश्र, डॉ. ए. के. द्विवेदी तथा विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी डॉ. दीपशिखा चौधरी, डॉ. गीतिका श्रीवास्तव  उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने राजभवन द्वारा निर्देशित सभी बिंदुओं पर समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *