ओपन स्टेट रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में लखनऊ के खिलाड़ी छाए
लखनऊ के सेंट्रल एकेडमी इंदिरानगर में आयोजित हुई दो दिवसीय 7वी उत्तर प्रदेश ओपन स्टेट रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप 2026 में लखनऊ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपना दबदबा कायम किया। लखनऊ की बेहतरीन खिलाड़ी शरिया खान और आरुष मिश्रा ने 1000 मीटर में स्वर्ण पर कब्जा किया।
प्रतियोगिता के आखिरी दिन लखनऊ के डीपीएस जानकीपुरम की होनहार खिलाड़ी शरिया खान और आरुष मिश्रा ने 1000 मीटर में 12 से 15 वर्ष की उम्र के खिलाड़ी वर्ग में हैरत अंगेज प्रदर्शन से गोल्ड मैडल पर कब्जा जमाया। शरिया और आरुष ने कल प्रतियोगिता के पहले दिन 500 मीटर में भी सिल्वर मैडल जीता था। एक अन्य मुकाबले में 500 मीटर में 4 से 6 वर्ष आयु वर्ग में शान्वी ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर कांस्य पदक जीता और बालक वर्ग में कबीर सहगल ने सिल्वर मैडल जीता। विग्योर हाई स्कूल के तन्मय यादव ने 500 मीटर में ही 10 से 12 वर्ष के वर्ग में सिल्वर मैडल हासिल किया। विग्योर हाई स्कूल के ही त्रिआक्ष सिंह ने 500 मीटर में 8 से 10 वर्ष के वर्ग में सभी को पछाड़ते हुए गोल्ड मैडल पर कब्जा कर लिया।
उत्तर प्रदेश रोलर स्केटिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप भटनागर का भव्य स्वागत किया गया तत्पश्चात उनके द्वारा विजेताओं को ट्रॉफी और मैडल प्रदान किए गए। लखनऊ के कोच नीरज श्रीवास्तव के अनुसार आगरा, शाहजहांपुर, झांसी, बरेली सहित विभिन्न जिलों से आए 1000 से ज्यादा खिलाड़ियों के बीच लखनऊ का प्रदर्शन बहुत ही शानदार और संतोषजनक रहा। सहयोगी कोच आदित्य बाजपेई व गौरव साहनी ने भी काफी मेहनत की। लक्ष्मी और वंश ने ऑफिशियल की भूमिका का शानदार निर्वहन किया। रोलर स्केटिंग के नरेश भदौरिया, देव एवं कुलदीप के कुशल निर्देशन में प्रतियोगिता आयोजित हुई। लखनऊ सिविल डिफेंस के वरिष्ठ अधिकारी मनोज वर्मा ने लखनऊ के खिलाड़ियों व कोच को बधाई दी।

