दिव्यांग बच्चों को मिले सहायक उपकरण, खिल उठे चेहरे

दिव्यांग बच्चों को मिले सहायक उपकरण, खिल उठे चेहरे

105 दिव्यांग बच्चों को 158 उपकरणों का किया गया निःशुल्क वितरण

 

लम्भुआ/सुलतानपुर। उच्च प्राथमिक विद्यालय लम्भुआ प्रथम के प्रांगण में समग्र शिक्षा एवं एलिम्को (कानपुर) के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण वितरण समारोह का आयोजन किया गया। तहसील लम्भुआ के परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के पूर्व में किए गए चिन्हांकन के आधार पर आयोजित कार्यक्रम में कुल 105 बच्चों को 158 सहायक उपकरण निःशुल्क वितरित किए गए। उपकरण पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पंचायत लम्भुआ के चेयरमैन अवनीश सिंह अंगद ने बच्चों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन द्वारा दिव्यांग बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप हजारों रुपये मूल्य के सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है।

शिक्षक नेता रणवीर सिंह ने कहा कि दिव्यांग छात्र-छात्राएं स्वयं को किसी से कमजोर न समझें। शासन एवं प्रशासन द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा में शामिल करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंचाना शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, ताकि कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी शिवशंकर मिश्रा सहित समग्र शिक्षा सुल्तानपुर एवं एलिम्को के अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में बच्चों को उपकरण वितरित किए गए। वितरित किए गए उपकरणों का विवरण इस प्रकार है- ट्राईसाइकिल 13, व्हीलचेयर 31, बैसाखी (क्रचेस) 16, कैलिपर्स 13, टीएलएम किट 25, कान की मशीन 16, ब्रेल किट 9, सुगम्य केन 7, रोलेटर 28। इस प्रकार कुल 105 बच्चों को 158 उपकरण प्रदान किए गए। कार्यक्रम में जिला समन्वयक श्यामसुंदर यादव, राजेंद्र बरनवाल, कपिल, विनोद सिंह, सुभाष यादव, विवेक बरनवाल, खुशबू, रवींद्र सिंह, उषा सिंह, रमाशंकर, वीरेंद्र यादव सहित शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *