पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ओवरस्पीडिंग रोकने के निर्देश
सुलतानपुर। सड़क सुरक्षा एवं आगामी दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज के मद्देनजर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की संयुक्त अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। बैठक में अधिकारियों को यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे समेत प्रमुख मार्गों पर पेट्रोलिंग बढ़ाने, ओवरस्पीडिंग पर सख्ती करने तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा उपाय मजबूत करने के निर्देश दिए। एक्सप्रेसवे के सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि वहां 16 पेट्रोलिंग वाहन, दो कंट्रोल रूम, चार सब सेंटर और 24 एम्बुलेंस संचालित हैं। हेल्पलाइन नंबर 14449 भी उपलब्ध है। डीएम ने लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका और मंडी समिति समेत संबंधित विभागों को चार दिनों के भीतर प्रमुख मार्गों को गड्ढामुक्त कराने और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। एआरटीओ ने बताया कि विगत रात्रि से अब तक 36 चालान किए गए हैं, जबकि इस माह 40 बसों का चालान किया जा चुका है। बैठक में बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, शराब पीकर वाहन चलाने, गलत दिशा में वाहन संचालन और मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही ब्लैक स्पॉट पर रिफ्लेक्टर, चेतावनी बोर्ड, रेडियम साइनेज, रंबल स्ट्रिप और व्हाइट लाइन मार्किंग सहित आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया।

