शादी की खुशियां मातम में बदलीं, हर्ष फायरिंग में पांच वर्षीय मासूम की मौत

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, हर्ष फायरिंग में पांच वर्षीय मासूम की मौत

 

सुल्तानपुर। कादीपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार शाम शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने खुशियों को मातम में बदल दिया। बारात रवाना होने से पहले की गई फायरिंग में गोली लगने से पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

फुटेहरी बनकेगांव निवासी गिरिवर गोपाल पटेल के चचेरे भाई अनुराग पटेल की रविवार को शादी थी। बारात कादीपुर क्षेत्र के सूरापुर स्थित सुंदर मैरिज लॉन से रवाना होनी थी। बताया गया कि शाम करीब 6.30 बजे बारात निकलने से पहले अनुराग के जीजा अजय ने कथित तौर पर हर्ष फायरिंग की। इसी दौरान कुछ दूरी पर खड़ा गिरिवर गोपाल पटेल का पांच वर्षीय पुत्र अर्श गोली की चपेट में आ गया। गोली बच्चे के पेट में लगी। गोली लगते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में घायल अर्श को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कादीपुर ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने अर्श को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी अजय मौके से फरार हो गया और उसका मोबाइल फोन भी बंद है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। कादीपुर के क्षेत्राधिकारी विनय गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस घटना में इस्तेमाल हथियार और फायरिंग की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

सड़क दुर्घटना में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत

भतीजे के साथ मायके जा रही महिला

कुड़वार सुल्तानपुर। अमेठी जिले के जामों से मायके आ रही महिला दुर्घटना का शिकार हो गई। गम्भीर हालत में इलाज के लिए जिला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।जहां से हालत गंभीर होने पर ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। रास्ते मुसाफिर खाना में महिला की मौत हो गई।सूचना पर पहुंची पुलिस पंचनामा की कार्यवाही के जुटी है।

सोमवार को अमेठी जिले के जामों थाना क्षेत्र के छतरगढ़ बाजगढ़ सूखी निवासी मीना देवी(46) पत्नी राकेश त्रिपाठी बाइक से भतीजे दुर्गेश पुत्र अरविंद के साथ मायके भाई प्रभात तिवारी पूरे तिलक तिवारी कुड़वार आ रही थी। तभी रास्ते में थाना क्षेत्र के बहमरपुर गांव के पास ब्रेकर पर बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। दुर्घटना में बाइक पर बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलावस्था में इलाज के लिए जिला मेडिकल कालेज ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। रास्ते में मुसाफिर खाना के पास महिला की मौत हो गई। महिला की मौत होने के बाद परिजन शव लेकर कुड़वार थाना पहुंचे। जहां मृतका के पति ने पुलिस को तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की। जिस पर स्थानीय पुलिस ने शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका तीन बच्चों काजल, आंचल व बेटे आशु की मां थी। जिनमे काजल विवाहित है।प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्यवाही की जाएगी।

बस और डंपर की आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत, कई घायल

ढाबे पर घूम रही बस और डंपर के बीच टक्कर के दौरान चपेट में आया ट्रक चालक

सुलतानपुर। कोतवाली देहात क्षेत्र के नेकराही गांव के निकट अयोध्या-प्रयागराज बाईपास स्थित पूर्वांचल ढाबे पर रविवार रात करीब 12 बजे भीषण हादसा हो गया। ढाबा परिसर में घूम रही बस और दूसरी तरफ से पहुंचे डंपर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसी दौरान वहां मौजूद ट्रक का 28 वर्षीय कंडक्टर दोनों वाहनों के बीच आकर दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे में उसकी मौत हो गई, जबकि करीब दर्जनभर लोग घायल हो गए।

मृतक की पहचान अमेठी जिले के जायस थाना क्षेत्र के पूरे कूदवत, गुजरन सराय महेशा निवासी सूफियान (28) पुत्र जान मोहम्मद के रूप में हुई है। वह ट्रक पर कंडक्टर था। बताया जाता है कि ट्रक खड़ा करने के बाद वह चाय पीने के लिए ढाबे पर जा रहा था। इसी बीच ढाबा परिसर में बस घूम रही थी और दूसरी तरफ से डंपर आ पहुंचा। दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर के दौरान सूफियान बीच में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली देहात पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे में सूफियान की मौत हो गई। देहात कोतवाल धर्मवीर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। जिला मेडिकल कॉलेज में मृतक के शव का पंचायतनामा भरने की कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *