पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पेट्रोलिंग वाहन से टकराई फॉरच्यूनर
पूर्व सांसद के बेटे समेत तीन घायल
दोस्तपुर/सुलतानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह बिरसिंहपुर गांव के पास एक फॉरच्यूनर कार यूपीडा के पेट्रोलिंग वाहन से टकरा गई। हादसे में अयोध्या के पूर्व भाजपा सांसद लल्लू सिंह के बेटे विकास सिंह (44) समेत तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को यूपीडा कर्मियों ने एंबुलेंस से सीएचसी दोस्तपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों दूसरी गाड़ी से पटना के लिए रवाना हो गए।
जानकारी के अनुसार अयोध्या जिले के कैंट थाना क्षेत्र के सहादतगंज निवासी विकास सिंह अपने साथी वैभव सिंह (25), निवासी सिविल लाइन के साथ फॉरच्यूनर से पटना जा रहे थे। वाहन को अमरजीत यादव (28) चला रहे थे। बताया गया कि सोमवार सुबह करीब आठ बजे बिरसिंहपुर गांव के पास यूपीडा का पेट्रोलिंग वाहन अचानक दाहिनी ओर मुड़ गया। इसी दौरान पीछे से आ रही फॉरच्यूनर उससे जा टकराई। टक्कर में कार चालक अमरजीत यादव, विकास सिंह और वैभव सिंह को हल्की चोटें आईं। हादसे के बाद कुछ देर तक एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा। यूपीडा कर्मियों ने क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर सेमरी टोल प्लाजा पहुंचाया। इसके बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य हो गया।

