सीएम डैशबोर्ड के तहत सीएमआईएस पोर्टल पर आधारित निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक संपन्न
– निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के जिलाधिकारी ने दिए निर्देश
मऊ। सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत सीएमआईएस पोर्टल पर संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक के दौरान जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 834 परियोजनाएं संचालित हैं, जिनमें से 397 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 437 परियोजनाएं अभी लंबित हैं। इनमें कुछ परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा के बाद भी पूर्ण नहीं हो पाई हैं। इस पर जिलाधिकारी ने समस्त कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं। बैठक में विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा संचालित निर्माणाधीन एवं पूर्ण परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम द्वारा निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि ऐसे स्ट्रक्चर अथवा अन्य बाधाओं की सूची तैयार कर उपलब्ध कराई जाए, जिनके कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। इसके लिए संबंधित विभागों की संयुक्त टीम गठित कर समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। इसी प्रकार घोसी में लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे मार्ग निर्माण कार्य में विद्युत पोल न हटाए जाने के प्रकरण पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। सीएंडडीएस के कार्यों की समीक्षा के दौरान परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति सीएमआईएस पोर्टल पर अपडेट न किए जाने, आवश्यक डाटा अपलोड न करने तथा विभिन्न नगर पंचायतों में बारात घर निर्माण के लिए भूमि की अनुपलब्धता संबंधी सूचना उपलब्ध न कराने के कारण कार्य प्रारंभ न होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। जल निगम (ग्रामीण) द्वारा संचालित हर घर जल योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि 90 से 99 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुकी 60 परियोजनाओं का कार्यदायी संस्था-वार विवरण तैयार किया जाए तथा प्राथमिकता के आधार पर उन्हें शीघ्र पूर्ण कराया जाए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिला ओटीसी सेल की त्रैमासिक समीक्षा भी की। वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य के दृष्टिगत आयोजित इस समीक्षा में प्राथमिक, द्वितीयक एवं तृतीयक क्षेत्रों की उपलब्धियों, उत्पादन तथा विकास से संबंधित आंकड़ों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ने बताया कि जनपद मऊ का सकल घरेलू उत्पाद 18,384 करोड़ रुपये है। जनपद की वार्षिक वृद्धि दर 18.02 प्रतिशत बताई गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी तथा विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

