गाजियाबाद के लोनी में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया, जिसमें 69 शिकायतें पहुंचीं; 4 का मौके पर किया गया निस्तारण

ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) कुमार सौरभ ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 69 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें तहसील से संबंधित 30, नगर पालिका लोनी की 20, पुलिस विभाग की 9, विद्युत विभाग की 3, जीडीए की 2 तथा खंड विकास अधिकारी कार्यालय, पीओ डूडा, आवास निर्माण विभाग, वन विभाग और स्वास्थ्य विभाग की एक-एक शिकायत शामिल रही।
अधिकारियों की मौजूदगी में चार शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। वहीं, शेष 65 शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
इस दौरान एसडीएम दीपक सिंघनवाल, तहसीलदार डॉ. अरुण अग्रवाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *