गाजियाबाद में 80 लाख की शत्रु संपत्ति से अवैध कब्जा हटाया गया , भूमाफिया पर होगी एफआईआर दर्ज

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद प्रशासन ने भूमाफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम कुशलिया स्थित लगभग 80 लाख रुपये मूल्य की शत्रु संपत्ति को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया। राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया।
यह कार्रवाई जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के निर्देश पर की गई। प्रशासन के अनुसार ग्राम कुशलिया की खसरा संख्या 1045, रकबा 0.7230 हेक्टेयर में दर्ज शत्रु संपत्ति के एक हिस्से (0.0142 हेक्टेयर) पर आजाद उर्फ छोटे पुत्र फैयाज द्वारा पिछले तीन वर्षों से अवैध कब्जा किया गया था।
शिकायत मिलने के बाद राजस्व विभाग ने मामले की जांच की, जिसमें कब्जा अवैध पाया गया। इसके बाद सोमवार को राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीनों की सहायता से अवैध निर्माण को हटाकर भूमि को प्रशासन के कब्जे में ले लिया।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में हलचल का माहौल रहा, जबकि प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि मुक्त कराई गई भूमि की अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये है। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जाधारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने स्पष्ट किया कि जिले में सरकारी तथा शत्रु संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *