जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का डीएम ने लिया त्वरित संज्ञान
-सार्वजनिक भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया, ट्रांसफार्मर हटाया गया
अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी द्वारा जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराया जा रहा है। जनसुनवाई में आने वाले शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं, जिसका परिणाम जमीनी स्तर पर भी दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में तहसील बीकापुर के पोस्ट सराय खरगी, ग्राम शिवतर (कुशहा) निवासी द्वारा सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए उप जिलाधिकारी बीकापुर को नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उप जिलाधिकारी द्वारा जांच कराई गई, जिसके बाद सार्वजनिक भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया तथा कब्जा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। इसी प्रकार तहसील बीकापुर के ग्राम धेनुवावा निवासी द्वारा अपने खेतों के बीचों-बीच 100 किलोवाट क्षमता का विद्युत ट्रांसफार्मर लगाए जाने की शिकायत की गई। जिलाधिकारी ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण मंडल अयोध्या को जांच कर नियमानुसार ट्रांसफार्मर को उचित स्थान पर स्थानांतरित कराने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता द्वारा कार्रवाई करते हुए ट्रांसफार्मर को उचित स्थान पर शिफ्ट करा दिया गया, जिससे शिकायतकर्ता की समस्या का समाधान हो गया।
चीनी की पर्याप्त उपलब्धता, कालाबाजारी व जमाखोरी पर होगी कार्रवाई
अयोध्या। जिला गन्ना अधिकारी राजेश्वर यादव ने अवगत कराया है कि जनपद में चीनी की उपलब्धता पर्याप्त मात्रा में है, ऐसी स्थिति में किसी भी अफवाहों पर ध्यान न दें तथा व्यापारी गणों को भी सूचित किया जाता है कि किसी भी प्रकार की कोई काला-बाजारी तथा आवश्यकता से अधिक चीनी स्टोर करने पर विधिक कार्यवाही अमल में लायी जायेगी।

