68 प्रार्थना पत्र आए, मौके पर छः का हुआ निस्तारण
लालगंज, मीरजापुर। तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न मामलों से संबंधित 68 प्रार्थना पत्र आए और मौके पर छः का निस्तारण किया।
खोमार मैना निवासी रमेश ने गोपालपुर माइनर पर पुलिया निर्माण की मांग की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। रेही गांव निवासी मुन्नालाल मौर्य ने लहंगपुर से रेही जाने वाली पीडब्ल्यूडी सड़क की बदहाली की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को सड़क की स्थिति का निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
बरी गांव निवासी तजिया देवी ने सीसी रोड पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाने की मांग की। मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। पंजरा गांव निवासी सुपर लाल यादव ने सीसी रोड निर्माण की मांग रखी।सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, सिंचाई, सड़क, विकास और अन्य विभागों से जुड़े मामले आए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में एस शओसी अशोक तिवारी, एसडीएम अजीत कुमार, तहसीलदार विशाल कुमार शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी रवि कुमार सिंह, थाना अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे वह हलिया थाना अध्यक्ष समेत जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

