(कुशीनगर) बिजली कटौती के विरोध में ग्रामीणों ने सब स्टेशन पर किया धरना-प्रदर्शन

(कुशीनगर) बिजली कटौती के विरोध में ग्रामीणों ने सब स्टेशन पर किया धरना-प्रदर्शन
कुशीनगर, 07 सितम्बर (आरएनएस)। जनपद के फाजिलनगर विधान सभा क्षेत्र में लगातार खराब बिजली व्यवस्था और बार-बार हो रही बिजली कटौती से नाराज ग्रामीणों एवं उपभोक्ताओं ने सोमवार को पटहेरवा विद्युत उपकेंद्र पर धरना-प्रदर्शन किया।प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कई दिनों से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बदहाल है। जिससे आम लोगों, किसानों, व्यापारियों और छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। धरने में शामिल लोगों ने बताया कि पटहेरवा बिजली घर के पिपरा कनक फीडर पर पहले से ही अत्यधिक लोड है। इसके बावजूद फाजिलनगर के कुछ वार्डों और उससे सटे कई गांवों की बिजली आपूर्ति फाजिलनगर विद्युत उपकेंद्र से हटाकर पटहेरवा विद्युत उपकेंद्र से जोड़ दी गई है। इससे फीडर पर लोड और बढ़ गया है तथा बिजली आपूर्ति रुक-रुक कर बाधित होने लगी है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ओवरलोडिंग के कारण दिन और रात में कई बार बिजली ट्रिप हो जाती है। बार-बार बिजली जाने से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ किसानों की सिंचाई, छोटे कारोबार और विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। लोगों ने विभाग से तत्काल फीडर का लोड कम करने और बिजली व्यवस्था में स्थायी सुधार की मांग किया है। धरने के दौरान वक्ताओं ने चेतावनी दिया कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरने में अरुण कुमार मिश्र, अहमद रज़ा शम्सी, सुनील कुमार सिंह, दिलीप कुमार मिश्र, राजकिशोर सिंह, शमशुल होदा, दानिश आलम, डॉ. शाहबाज़ खान तथा प्रधान आलमगीर खान सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय उपभोक्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *