मां ने 11 साल के बेटे का गला घोंटकर मार डाला
गाली देने पर गुस्सा हुई मां ने अंजाम दी वारदात, बेटी ने देख लिया तो धमकाया
प्रयागराज। बीती क्ष30 अक्टूबर को बहरिया थाना क्षेत्र के मंसूरपुर में हुई 11 वर्ष के बच्चे की मौत का खुलासा हो गया है। बच्चे की मां ने ही उसकी हत्या कर दी। बेटी ने मां को हत्या करते देख लिया तो उसे भी धमकाया कि किसी को बोला तो इसी तरह मार दूंगी। जांच में कत्ल की कहानी सामने आ गई। महिला गिरफ्तार हुई तो उसने पुलिस के सामने कबूल किया कि गुस्से में कपड़े से बेटे का गला घोंट दिया। कहा गाली बहुत देता था। रात में देर तक बाहर रहता, दरवाजा खोलना पड़ता, खाना मांगता, इसलिए मार डाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बहरिया थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव निवासी पूर्णमासी लाल मौर्य शहर में रहकर काम करता है। पत्नी सोना देवी, बेटी संगीता (15) और बेटा रामसुख (11) गांव में मकान में रह रहे थे। बताया जाता है कि 29 अक्टूबर को पूर्णमासी वह शहर के करेली इलाके में था। सुबह भतीजे महेंद्र ने फोन कर बताया कि उसके बेटे रामसुख की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। वह घर पहुंचा तो शव दरवाजे पर रखा था। पूर्णमासी ने पत्नी सोना देवी से पूछा तो उसने बताया कि रात में सरांय सुल्तान गांव में रामलीला देखने गया था। वहां से देर रात लौटा और पेट दर्द बताकर सो गया।
पिता ने बेटे का शव देखा तो गले में निशान नजर आया। चोट के निशान भी थे। पूर्णमासी ने बहरिया पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 30 अक्टूबर को शव का पोस्टमार्टम हुआ तो साफ हो गया कि बच्चे की हत्या की गई थी। कपड़े के रेशे या फिर पतली रस्सी से गला घोंट गया। शव घर पहुंचने पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
रात में पूर्णमासी की बेटी संगीता रोते हुए वह आंगन में आ गई। उससे पूछा गया तो उसने बताया कि भाई को मां ने मार डाला। रात में मां रामसुख का कपड़े के लेस से गला दबा रही थी। भाई छटपटा रहा था तो मैं जाग गई थी। मां कपड़े से उसका गला दबाकर खींच रही थी। मां एक हाथ से गले का कपड़ा खींचते हुए उसकी पीट पर मार भी रही थी। कुछ सेकेंड में भाई बेसुध हो गया। मां ने मुझे धमकाया कि चुप होकर सो जा, किसी को कुछ बताना नहीं वरना ऐसे तुझे भी मार दूंगी। बेटी की बातों को सुन पूर्णमासी गांव के अन्य लोगों को बुलाया। पत्नी को कमरे में बंद कर दिया और बहरिया थाने पहुंच गया। वहां पत्नी के खिलाफ तहरीर दी। थानाध्यक्ष मानवेंद्र कुमार सिंह मामला दर्ज कर सोना देवी को गिरफ्तार कर लिया
।

