अभिषेक और अनुभव का यूपी फुटबाल टीम में चयन
कोच शादाब रजा से सीखी फुटबाल की शुरुआती बारीकियां
प्रयागराज। प्रयागराज के अभिषेक कुमार और अनुभव कुमार राय का चयन उत्तर प्रदेश की अंडर-17 फुटबाल टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी आगामी नवंबर में बलिया (उत्तर प्रदेश) में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय विद्यालयीय फुटबाल प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्राचार्य, डॉ. भीमराव आंबेडकर राज्य विद्यालयीय क्रीड़ा संस्थान, उत्तर प्रदेश, अयोध्या की ओर से घोषित टीम में चयनित दोनों खिलाड़ियों ने फुटबाल की शुरुआती बारीकियां प्रशिक्षक शादाब रजा से सीखीं। धूमनगंज निवासी सुजीत कुमार के पुत्र अभिषेक वर्तमान में स्पोर्ट्स स्टेडियम, बरेली में अंतरराष्ट्रीय गोलकीपर एवं प्रशिक्षक नसीम अख्तर के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। वहीं, लूकरगंज निवासी अजय राय के पुत्र अनुभव कुमार राय वाराणसी के स्पोर्ट्स हॉस्टल में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक शमशी रजा से प्रशिक्षण ले रहे हैं। दोनों खिलाड़ियों के चयन पर प्रशिक्षक शादाब रजा, शबी रफीक, कौशलेन्द्र आर्या, सुरेन्द्र कुमार, संजय सिंह, अम्बर जायसवाल और शुभम दास ने बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

