पुस्तकें व्यक्तित्व निर्माण और सकारात्मक चिंतन की सबसे सशक्त आधारशिला: प्रो. रणजीत पांडेय

पुस्तकें व्यक्तित्व निर्माण और सकारात्मक चिंतन की सबसे सशक्त आधारशिला: प्रो. रणजीत पांडेय

गांधी स्मारक पीजी कॉलेज में ‘पुस्तक पठन एवं पुस्तक समीक्षा’ कार्यक्रम आयोजित

जौनपुर। गांधी स्मारक पीजी कॉलेज, समोधपुर में बुधवार को ‘पुस्तक पठन एवं पुस्तक समीक्षा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विषयों की पुस्तकों का अध्ययन कर विश्वविद्यालय के निर्धारित प्रारूप के अनुसार उनकी समीक्षा प्रस्तुत की। प्राचार्य प्रो. रणजीत कुमार पाण्डेय ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने का आह्वान किया।

महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. रणजीत कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में हुआ। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी रुचि के अनुरूप विभिन्न पुस्तकों का अध्ययन किया और पुस्तक का परिचय, सारांश, प्रमुख विचार, प्राप्त सीख तथा निष्कर्ष के आधार पर समीक्षा तैयार की।
प्राचार्य प्रो. रणजीत कुमार पाण्डेय ने कहा, “पुस्तकें केवल जानकारी का स्रोत नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण की सशक्त आधारशिला हैं। नियमित अध्ययन से विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, तार्किक क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल और सृजनात्मक दृष्टिकोण विकसित होता है। पुस्तक पठन की आदत जीवनभर सीखने की प्रेरणा देती है, इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।”
कार्यक्रम के दौरान प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए पुस्तक पठन की उपयोगिता, अध्ययन संस्कृति तथा आलोचनात्मक एवं विश्लेषणात्मक लेखन के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों में अध्ययन संस्कृति, बौद्धिक जिज्ञासा, आलोचनात्मक चिंतन तथा साहित्य के प्रति रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में प्रो. अरविंद कुमार सिंह, प्रो. राकेश कुमार यादव, प्रो. लक्ष्मण सिंह, डॉ. नीलमणि सिंह, डॉ. अवधेश कुमार मिश्रा, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. अविनाश कुमार वर्मा, डॉ. आलोक प्रताप सिंह विसेन, डॉ. वंदना तिवारी, डॉ. विष्णुकांत त्रिपाठी, विकास कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *