(सागर)एमपी में जहरीली शराब का तांडव, 9 लोगों की मौत, 25 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती; नीले पड़े शरीर
सागर ,06 सितंबर ,(आरएनएस)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में अवैध और जहरीली शराब पीने से भारी हाहाकार मच गया है। चार अलग-अलग गांवों में जहरीली शराब के सेवन से अब तक 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि 25 से अधिक लोग गंभीर हालत में विभिन्न अस्पतालों में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। प्रभावित इलाकों से करीब 35 लोगों को इलाज के लिए लाया गया था, जहां कई मरीजों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या में अभी और इजाफा हो सकता है।
नीले पड़ गए मरीजों के शरीर, कईयों को जकड़न की शिकायत
अस्पताल में मरीजों का इलाज कर रहे डॉक्टरों के अनुसार, जहरीली शराब का असर इतना घातक था कि भर्ती कराए गए लोगों के शरीर नीले पड़ चुके थे और मांसपेशियों में गंभीर अकड़न देखी गई। इस दिल दहला देने वाले घटनाक्रम के सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग और पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया है। आनन-फानन में स्वास्थ्य टीमों को चारों प्रभावित गांवों में घर-घर स्क्रीनिंग के लिए रवाना किया गया है, ताकि शराब का सेवन करने वाले अन्य ग्रामीणों की तुरंत पहचान कर उन्हें समय रहते इलाज मुहैया कराया जा सके।
कलेक्टर की सख्त अपील: 48 घंटे में शराब पी हो तो फौरन कराएं जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए सागर की कलेक्टर प्रतिभा पाल ने आम जनता से बेहद सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पिछले 24 से 48 घंटों के भीतर किसी भी प्रकार की शराब का सेवन किया है या जिनमें जहरीली शराब से जुड़े कोई भी लक्षण नजर आ रहे हैं, वे बिना कोई देरी किए तुरंत अपनी मेडिकल स्क्रीनिंग कराएं। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि प्रभावित लोग नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र, स्थानीय डॉक्टरों की टीम या सीधे सिविल अस्पताल पहुंचकर जांच कराएं, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।
00

