टीजीटी-पीजीटी अभ्यर्थियों ने निकाला कैंडल मार्च, किया प्रदर्शन 

टीजीटी-पीजीटी अभ्यर्थियों ने निकाला कैंडल मार्च, किया प्रदर्शन

26 अक्टूबर को घेरेंगे शिक्षा निदेशालय, आश्वासन के बाद भी मांग पूरी नहीं, होने पर नाराजगी

प्रयागराज। टीजीटी-पीजीटी भर्ती में पुरानी नियमावली बहाल करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने गुरुवार रात कैंडल मार्च निकाला। इसके बाद बख्शी बांध पर बैठक कर आगे के आंदोलन की रणनीति तय की। अभ्यर्थियों ने ऐलान किया कि मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो 26 अक्टूबर को शिक्षा निदेशालय का घेराव करेंगे।

अभ्यर्थियों का आरोप है कि मुख्यमंत्री के आश्वासन के बावजूद उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। छात्र नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद ही अभ्यर्थियों ने अपना आमरण अनशन समाप्त किया था। जिलाधिकारी और पुलिस आयुक्त ने भी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया था, लेकिन अब तक पुरानी नियमावली बहाल नहीं की गई। अभ्यर्थियों को अपना पक्ष रखने का अवसर भी नहीं मिला है।

अभ्यर्थियों ने सवाल उठाया कि जब मुख्यमंत्री स्वयं आश्वासन दे चुके हैं, तो अब तक ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई? उनका कहना है कि TGT भर्ती से जुड़ी राहत की खबर आने के बावजूद पुरानी नियमावली की मांग कर रहे अभ्यर्थियों को न्याय नहीं मिल रहा है। लंबे समय से संघर्ष कर रहे छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।

अभ्यर्थियों ने कहा कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें सरकार तक पहुंचाने के लिए है। उन्होंने चेतावनी दी कि सकारात्मक पहल नहीं हुई तो 26 अक्टूबर को शिक्षा निदेशालय का घेराव कर आंदोलन तेज किया जा

एगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *